ग्राम पंचायत नेवता में सचिव की मनमानी से 15वें वित्त की नाली छह महीने में बह गई
समाचार
कोंडागांव (छत्तीसगढ़)
विकासखंड कोंडागांव की ग्राम पंचायत नेवता में 15वें वित्त आयोग की राशि से निर्मित आरसीसी नाली महज छह महीने के भीतर ही बह गई। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, जिसे लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिव श्रीमती इच्छा नेताम की मनमानी और निर्माण कार्य में घोर अनियमितता के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उनका कहना है कि निर्माण में घटिया रेत, सीमेंट, छड़ और गिट्टी का उपयोग किया गया। साथ ही, नाली निर्माण में बिना उचित बेस तैयार किए और मुरुम-मिट्टी की भराई किए बिना ही काम पूरा कर दिया गया।
सूचना पट्ट तक नहीं लगाया गया
निर्माण स्थल पर कोई सूचना पट्ट नहीं लगाया गया, जिससे कार्य की लागत, स्वीकृति, एजेंसी और निर्माण समय की जानकारी तक लोगों को नहीं मिली। इससे यह संदेह और गहराता है कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती गई।
बाइट देने से इनकार
जब इस संबंध में पंचायत सचिव श्रीमती इच्छा नेताम से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस विषय पर बयान देने से साफ इनकार कर दिया।
ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यह शासन की राशि का दुरुपयोग है और संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस अनियमित निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों से राशि की वसूली (रिकवरी) की मांग की है।