कोंडागांव नगरीय निकाय निर्वाचन में औसत मतदान प्रतिशत से 15 प्रतिशत अधिक या कम मतदान दर्ज करने वाले केंद्रों की बुधवार को समीक्षा की गई। यह समीक्षा पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर जिले की निर्वाचन प्रेक्षक श्रीमती दिव्या गौतम की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हुए।
समीक्षा में कोंडागांव नगर के चार मतदान केंद्रों में औसत से कम मतदान दर्ज पाया गया। इन केंद्रों में तैनात पीठासीन अधिकारियों की डायरी और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई, लेकिन किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली। वहीं, केशकाल और फरसगांव के मतदान केंद्रों में किसी भी स्थान पर औसत से 15 प्रतिशत अधिक या कम मतदान नहीं हुआ।
निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, यदि किसी मतदान केंद्र पर औसत मतदान प्रतिशत से 15 प्रतिशत अधिक या कम मतदान दर्ज होता है, तो उसकी विशेष समीक्षा की जाती है। इस प्रक्रिया में पीठासीन अधिकारियों की रिपोर्ट, मतदान से जुड़े दस्तावेज और ईवीएम आंकड़ों का विश्लेषण किया जाता है। समीक्षा बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया ताकि चुनावी पारदर्शिता बनी रहे।
समीक्षा के दौरान प्रेक्षक दिव्या गौतम ने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई है और निर्वाचन आयोग के सभी नियमों का पूर्ण रूप से पालन किया गया है।
