मतदान दलों को अंतिम चरण का प्रशिक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नारायणपुर त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तहत नारायणपुर खंड के मतदान दलों को गुरुवार को अंतिम चरण का प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिष्ठा ममगाईं के मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दो सत्रों में आयोजित हुआ।

प्रशिक्षण सत्र सुबह 10 से 12.30 बजे तथा दोपहर 1.30 से 4 बजे तक चला, जिसमें मास्टर ट्रेनर्स ने मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मतदान और मतगणना प्रक्रिया से अवगत कराया गया तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया गया।

तहसीलदार सौरभ कश्यप ने मतदान और मतगणना के दौरान सतर्कता एवं चुनावी नियमों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने मतपत्र लेखा प्ररूप 15 और पीठासीन अधिकारी की डायरी (परिशिष्ट 21) को त्रुटिरहित तरीके से संकलित करने का निर्देश दिया।

संयुक्त कलेक्टर एवं प्रशिक्षण नोडल अधिकारी जय शंकर उरांव ने सेक्टर अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी रमेश कुमार निषाद, प्राचार्य मनोज बागड़े सहित मास्टर ट्रेनर्स, सेक्टर ऑफिसर एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े 550 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *