कोण्डागांव। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कोण्डागांव जिला कांग्रेस कमेटी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है, जिसमें कुल 29 बिंदुओं को शामिल किया गया है। कांग्रेस ने “वादा निभाया था, वादा निभाएंगे” के संकल्प के साथ जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं और सुधारों का वादा किया है।
घोषणा पत्र के मुख्य बिंदुओं में जल कर और संपत्ति कर में 50% की छूट, कचरा डंपिंग को श्मशान घाट से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करना, नजूल पट्टों का नियमितीकरण, प्रमुख चौकों पर वाई-फाई जोन की स्थापना, वार्डवार सफाई कर्मियों की नियुक्ति और बंद पड़ी सिटी बसों को पुनः संचालित करना शामिल है। इसके अलावा, स्वच्छता दीदियों को कलेक्टर दर पर मानदेय दिलाने का भी वादा किया गया है।
घोषणा पत्र जारी करने के दौरान पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, देवचंद मातलाम और नगरपालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नरेंद्र देवांगन उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनता के विश्वास को बनाए रखा है और यह घोषणा पत्र भी जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कांग्रेस ने भरोसा दिलाया कि यदि पार्टी को समर्थन मिला तो ये सभी वादे प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे।