समाचार
दिनांक 03.09.2021 को फरसगांव थाना में प्रार्थी गंगाराम नेताम, पिता स्व. अर्जुन नेताम, उम्र 23 वर्ष, निवासी पुसापाल, थाना फरसगांव द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी बहन कुमारी भागवती नेताम (उम्र 20 वर्ष) जनवरी 2020 में घर से बिना बताए निकल गई थी और वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, परंतु कहीं पता नहीं चला। इस पर थाना फरसगांव में गुम इंसान क्रमांक 21/2021 दर्ज कर तलाश प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री वाय. अक्षय कुमार (भा.पु.से) के सख्त निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी श्री संजय सिन्दे के नेतृत्व में निरंतर खोजबीन की जाती रही।
हाल ही में युवती का एक मोबाइल नंबर प्राप्त होने पर उससे संपर्क किया गया और उसे फरसगांव बस स्टैंड पर बुलाया गया। पूछताछ में युवती ने अपना नाम भागवती नेताम निवासी पुसापाल बताया। उसने जानकारी दी कि वह वर्ष 2020 में अपनी सहेली के साथ राजस्थान के झुंझुनू जिले के ग्राम बासयाल घूमने गई थी, लेकिन कोविड-19 लॉकडाउन के कारण वहीं रुक गई और वहीं काम कर रही थी।
युवती को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंपा गया, जिन्होंने पुलिस को धन्यवाद दिया और भावुक होकर आभार व्यक्त किया।
फरसगांव पुलिस द्वारा अब तक ऑपरेशन तलाश के अंतर्गत 10 गुमशुदा व्यक्तियों को खोज निकाला गया है। यह उपलब्धि क्षेत्र में सराहना का विषय बनी हुई है।
इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी संजय सिन्दे, महिला प्रधान आरक्षक ममता ठाकुर (क्रमांक 283) एवं आरक्षक दीपक हलदार की विशेष भूमिका रही।