नारायणपुर नगरपालिका परिषद क्षेत्र में 11 फरवरी को संपन्न हुए नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 में मतदान प्रतिशत में वृद्धि दर्ज की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत ईवीएम प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे मतदाताओं में जागरूकता बढ़ी और मतदान के प्रति विश्वास मजबूत हुआ।
इस अभियान के सकारात्मक परिणामस्वरूप इस बार 70.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनाव (2019) के 67.35 प्रतिशत की तुलना में 3.36 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2019 में नगरपालिका परिषद क्षेत्र में 16,405 मतदाता पंजीकृत थे, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 16,811 हो गई। मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘जागव वोटर-जाबो’ अभियान के तहत निर्वाचन कर्मियों ने सभी वार्डों में ईवीएम का प्रदर्शन किया, जिससे मतदाताओं का आत्मविश्वास बढ़ा और वे मतदान दिवस पर सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित हुए।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने मतदान प्रतिशत में वृद्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए सभी मतदाताओं, निर्वाचन कर्मियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियानों की सफलता से लोकतंत्र को मजबूती मिली है और भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे।
