समाचार
कोण्डागांव, 01 जुलाई 2025/ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक संपन्न हुई, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामदई नाग व श्रीमती रदमा बघेल एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि वन अधिकार के लिए प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों की समुचित जांच के बाद जो आवेदक पात्र हैं उन्हें ही पट्टा वितरण करें। बैठक में आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री कृपेन्द्र तिवारी ने जानकारी दी कि समिति की गत बैठक में व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र और सामुदायिक वन अधिकारी के लिए कुल 1346 प्रकरणों पर चर्चा हुई थी, जिसमें 1274 व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र के आवेदनों में से 1230 का वितरण किया जा चुका है और 44 आवेदन हेतु शेष है। इसी प्रकार सामुदायिक वन अधिकार के 23 और सामुदायिक वन संसाधन के 8 प्रकरण का भी वितरण किया जा चुका है। बैठक में बताया गया कि शेष 44 प्रकरणों में से 21 प्रकरण में आपत्ति का निराकरण कर वन मण्डल कोण्डागांव को भेजा गया है। 07 प्रकरणों पर वन परिक्षेत्र अधिकारी माकड़ी के द्वारा आपत्ति दर्ज किया गया है, जिसके पुनः वेरिफिकेशन हेतु निर्देशित किया गया। शेष प्रकरणों में नजरी नक्शा बनाने की कार्यवाही जारी है। इस अवसर पर डीएफओ श्री चुड़ामणि सिंह, एसडीएम कोण्डागांव श्री अजय उरांव, एसडीएम फरसगांव श्री अश्वन कुमार पुसाम भी उपस्थित थे।