नारायणपुर उत्तराखंड में आयोजित 38वीं नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने मल्लखंब खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। यह प्रतियोगिता भारतीय ओलंपिक संघ एवं भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित की गई, जिसमें देशभर के उत्कृष्ट खिलाड़ी शामिल हुए।
खटीमा (उधमसिंहनगर) के वन चेतना स्टेडियम में हुए इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की टीम ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। टीम में नारायणपुर की संताय पोटाई, ओरछा की सरिता पोयाम, कुंदला की दुर्गेश्वरी कुमेटी, रेमावंड की अनिता गोटा, मातला की मोनिका पोटाई और जांजगीर-चांपा की शिक्षा दिनकर शामिल थीं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर टीम के प्रशिक्षक मनोज प्रसाद, प्रेमचंद शुक्ला एवं प्रबंधक शांति साहू की अहम भूमिका रही।
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय बघेल, केदार कश्यप, महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया, छत्तीसगढ़ मल्लखंब एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमचंद शुक्ला व महासचिव डॉ. राजकुमार शर्मा, नारायणपुर जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक प्रभात सिंह एवं खेल अधिकारी डॉ. सुमीत कुमार गर्ग ने विजेता टीम को बधाई दी।
यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण सफलता है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि राज्य की महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।
