कोंडागांव NH-30 पर एक और दर्दनाक हादसा एक की मौत एक गंभीर घायल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कोंडागांव, 22 अप्रैल 2025 — राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 पर लजोड़ा के पास मंगलवार दोपहर लगभग 3:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार से आ रहे एक हाईवा वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में कोंडागांव निवासी रोशन कटारिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ यात्रा कर रहे शेषमल सुराना गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की सहायता की और एक प्राइवेट गाड़ी की मदद से उन्हें जिला अस्पताल कोंडागांव रवाना किया गया। घायल शेषमल सुराना की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

NH-30 पर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को लेकर यातायात विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लजोड़ा क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, परंतु अब तक न तो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यदि समय रहते यातायात व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो और भी जानें जा सकती हैं।

प्रशासन से मांग की जा रही है कि हादसों की रोकथाम के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे मासूम जिंदगियों को बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *