कोंडागांव जिले के फरसगांव पुलिस को अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दिल्ली, गाजियाबाद और उत्तरप्रदेश से कुल 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फरसगांव निवासी शंकरलाल राणा से बीमा राशि दिलाने के नाम पर करीब 29.69 लाख रुपये की ठगी की थी। आरोपियों ने खुद को बीमा लोकपाल परिषद का एजेंट बताकर फर्जी दस्तावेज और अलग-अलग मोबाइल नंबरों का उपयोग कर पीड़ित को झांसे में लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह कई वर्षों से साइबर ठगी में सक्रिय था। आरोपी गरीब लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल करते थे। ठगी की रकम इन्हीं खातों में जमा कर तुरंत एटीएम से निकाल ली जाती थी। मुख्य आरोपी रजा हुसैन पहले भी साइबर अपराध में जेल जा चुका है और गिरोह को पुलिस से बचने के तरीके सिखाता था।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन में एसडीओपी अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 10 दिनों तक दिल्ली में रहकर तकनीकी विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।