महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत गुरुवार को मर्दापाल में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 50 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधे तथा अपने नए दाम्पत्य जीवन की शुरुआत की। समारोह में केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर नूपुर राशि पन्ना, रीता शोरी, अनीता कोर्राम सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बेटियों को सम्मान और सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि शासन की महतारी वंदन योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने क्षेत्र में शांति और विकास के वातावरण का उल्लेख करते हुए समाज में एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवदंपत्तियों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा योजना अंतर्गत 35-35 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इस दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नवदंपत्तियों के परिजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।