कोण्डागांव में पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारें, लोगों को हो रही परेशानी
कोण्डागांव में पेट्रोल और डीजल की कमी के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध नहीं होने के कारण केवल ज्योति पेट्रोल पंप में पेट्रोल-डीजल मिल रहा था, जिससे वहां सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ-साथ जेरीकेनों की भी अलग लाइन लगाई गई थी। बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर तैनात रही। स्थिति को देखते हुए बड़ी गाड़ियों को केवल 2000 रुपए तक का ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा था ताकि अधिक से अधिक लोगों को ईंधन मिल सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम के वाहन लेकर बाहर न निकलें तथा ईंधन की बचत करते हुए कम से कम गाड़ियों का उपयोग करें।
