
आम फल बहार की नीलामी में 1.61 लाख की सर्वोच्च बोली
कोण्डागांव, 22 अप्रैल 2026। विकासखंड कोण्डागांव अंतर्गत शासकीय उद्यान रोपणी कोपाबेड़ा में आम फल बहार की नीलामी बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उद्यान अधीक्षक, शासकीय उद्यान रोपणी कोपाबेड़ा से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस नीलामी प्रक्रिया में कुल 6 बोलीकर्ताओं ने भाग लिया। शासन द्वारा निर्धारित आधार मूल्य 1,51,000 रुपये रखा गया था, जिसके विरुद्ध मरारपारा, कोण्डागांव निवासी श्री नरेन्द्र सिंह राठौर ने 1,61,000 रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर नीलामी अपने नाम की।
उच्चतम बोली प्राप्त होने के कारण समिति द्वारा आम फल बहार की नीलामी श्री राठौर के पक्ष में स्वीकृत की गई। नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप संपन्न कराई गई, जिससे प्रतिभागियों में संतोष देखा गया।
इस दौरान नीलामी समिति के अध्यक्ष एवं उप संचालक कृषि श्री कैलाशनाथ मरकाम, सचिव श्री लोकेश्वर प्रसाद ध्रुव, उद्यान अधीक्षक (शा.उ.रो. कोपाबेड़ा) सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इनमें श्री संकेत कुमार पाण्डा (फील्ड ऑफिसर, कोकोनट बोर्ड), श्री आर.डी. कडियाम (सहायक ग्रेड-2), श्री बैसाखू राम बघेल (ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी), श्री खेदूराम कोर्राम (स्थानीय प्रगतिशील कृषक, कोपाबेड़ा) एवं श्री हिमाचल नेताम (ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी) शामिल थे।
उद्यान रोपणी कोपाबेड़ा में इस वर्ष आम की विभिन्न उन्नत किस्मों में अच्छी फलन देखी गई है। इनमें प्रमुख रूप से दशहरी, लगड़ा, बाम्बेग्रीन, बैगनपल्ली, चौसा, बाम्बेयलो, सिन्दुरी, तोतापरी, मल्लिका, अचार हेतु उपयुक्त किस्में, पायरी, सफेदा सहित अन्य किस्मों के आम शामिल हैं। बेहतर उत्पादन के कारण नीलामी में प्रतिस्पर्धा का माहौल रहा और राजस्व में वृद्धि दर्ज की गई।
प्रशासन ने इसे उद्यानिकी क्षेत्र में सकारात्मक संकेत बताते हुए किसानों को उन्नत प्रबंधन एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए प्रेरित किया है।