सुकमा नक्सली हमले में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे शहीद, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जताया शोक
रायपुर, 9 जून 2025 – छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) श्री आकाश राव गिरपुंजे वीरगति को प्राप्त हो गए। यह हमला उस समय हुआ जब सुरक्षाबलों की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इस कायराना हमले में अन्य जवान भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। इस घटना से पूरे राज्य में शोक की लहर है।
उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने श्री गिरपुंजे की शहादत पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि वे एक निष्ठावान, साहसी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे, जिन्होंने बस्तर अंचल में नक्सलवाद के खिलाफ जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य किया। उन्होंने कहा, “हम श्री आकाश राव गिरपुंजे की वीरता को नमन करते हैं। छत्तीसगढ़ की जनता उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगी।”
श्री शर्मा ने इस निंदनीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नक्सली बौखलाहट में इस प्रकार के हमले कर रहे हैं, लेकिन सरकार इन चुनौतियों का दृढ़ता से सामना कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस हमले का माकूल जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार, केंद्र के सहयोग से 31 मार्च 2026 तक बस्तर से नक्सलवाद की काली छाया को पूरी तरह समाप्त करने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सरकार दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।