कोंडागांव। भारतीय जनता पार्टी का 46वां स्थापना दिवस रविवार को अटल सदन, कोंडागांव में हर्षोल्लास एवं गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण दोहराया।
स्थापना दिवस के अवसर पर संभाग प्रभारी दीपेश अरोरा ने बताया कि 6 से 14 अप्रैल तक स्थापना सप्ताह मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत भाजपा का ध्वज फहराना, सक्रिय सदस्य सम्मेलन, घर-घर संपर्क अभियान, स्वच्छता अभियान और संगोष्ठी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी ने पार्टी की वैचारिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा की नींव श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महान विचारकों ने रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सेवा, संगठन और समर्पण के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है और यह विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए बूथ स्तर पर सक्रियता का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, मंडल अध्यक्ष कुलवंत चहल, बाल कुंवर प्रधान, ओम प्रकाश टावरी, जैनेन्द्र ठाकुर, दयाराम पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
