नारायणपुर, 3 अप्रैल 2025 – ओरछा जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत कंदाड़ी के ग्रामीणों ने जनपद सदस्या रामदई सलाम द्वारा पत्रकार संतोष नाग पर लगाए गए रिश्वतखोरी और बाहरी पत्रकार होने के आरोपों को साजिश करार देते हुए विरोध जताया। इस सिलसिले में दर्जनों ग्रामीण जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने मीडिया को बताया कि पत्रकार संतोष नाग ने अवैध लाल ईंट निर्माण को लेकर एक समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद जनपद सदस्या रामदई सलाम ने अवैध ईंट निर्माण में संलिप्त अपने परिवार के लोगों को ग्रामवासी बताकर संतोष नाग पर झूठे आरोप लगाए। ग्रामीणों ने इसे पत्रकार की छवि खराब करने की साजिश बताया।
ग्रामीणों ने कहा कि अवैध लाल ईंट निर्माण से जंगलों की कटाई, जमीन का अवैध खनन और प्रदूषण जैसी समस्याएं बढ़ती हैं, जिससे खनिज विभाग को भारी राजस्व हानि होती है। इसी कारण सरकार ने लाल ईंट निर्माण पर प्रतिबंध लगाया है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की कि यदि नारायणपुर जिले के ग्राम पंचायत बड़ेजम्हरी में लाल ईंट बनाने की अनुमति दी गई है, तो कंदाड़ी ग्राम पंचायत को भी इसका अधिकार मिले। साथ ही, पत्रकार संतोष नाग पर लगाए गए बेबुनियाद आरोपों की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
