गर्मियों में निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने पंप चालकों की बैठक आयोजित*

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कोंडागांव, 29 मार्च 2025 – गर्मियों में नगरवासियों को सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका कोंडागांव में अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) की उपस्थिति में जल प्रदाय शाखा एवं पंप चालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पंप चालकों को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से पंप चालू कर प्रत्येक वार्ड का निरीक्षण करें और जल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा होने पर तुरंत मरम्मत कार्य सुनिश्चित करें। जिन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, वहां टैंकर के माध्यम से जल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, अवैध रूप से लगाए गए मोटर पंप की जांच कर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी वार्ड से जल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित पंप चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की कि वे जल संरक्षण करें और अनावश्यक जल अपव्यय से बचें। इस बैठक का उद्देश्य भीषण गर्मी में नगरवासियों को निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *