कोंडागांव – अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा घोषित 11 जिलाध्यक्षों की सूची में कोंडागांव से बुधराम नेताम का नाम शामिल किया गया है। उनके जिलाध्यक्ष बनने पर कांग्रेस भवन में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान ने उन्हें कार्यभार सौंपा।
पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस में निःस्वार्थ भाव से कार्य करने वालों को सम्मान मिलता है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। पूर्व मंत्री शंकर सोढ़ी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता के लिए नहीं, बल्कि जनता की आवाज बनने के लिए काम करती है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों का विरोध कर बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य है। निवर्तमान जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान ने कार्यकर्ताओं से बुधराम नेताम को पूरा समर्थन देने की अपील की।
बुधराम नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि वे संगठन को बॉटम से टॉप तक मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे और इसमें सभी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम होगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, शंकर सोढ़ी, पूर्व जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम, महामंत्री गीतेश गांधी, रितेश पटेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष तरुण गोलछा सहित अनेक वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
