कोण्डागांव जिले के मर्दापाल तहसील अंतर्गत कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक श्री वाय अक्षय कुमार ने दूरस्थ गांवों का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया। कलेक्टर श्री दुदावत बाइक से हड़ेली से 18 किमी दूर बेचा गांव पहुंचे और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने प्राथमिक शाला में बच्चों की पढ़ाई और मध्यान्ह भोजन की जानकारी ली तथा स्कूल भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम कड़ेनार में इमली की छांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पेयजल, बिजली और आवास योजना से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों को खेल सामग्री भी वितरित की गई, जिससे बच्चे उत्साहित नजर आए।
कलेक्टर ने हड़ेली-बेचा सड़क निर्माण कार्य और पुल निर्माण का निरीक्षण कर अधिकारियों को अप्रैल तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राणापाल गांव में जल जीवन मिशन के तहत हर घर शुद्ध पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की। ग्रामीणों ने इस सुविधा को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की।
