*अबूझमाड़ में मोबाइल कनेक्टिविटी का विस्तार, ईरकभट्टी में शुरू हुआ जियो 4G टॉवर*

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नारायणपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अबूझमाड़ क्षेत्र में संचार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में नारायणपुर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के प्रयासों से ईरकभट्टी में जियो 4G मोबाइल टॉवर की स्थापना की गई है। इससे ईरकभट्टी, कच्चापाल, कानागांव, इकमेटा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं से जुड़ सकेंगे।

मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी नियद नेल्ला नार (आपका अच्छा गांव) योजना के तहत अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों में सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और दूरसंचार जैसी सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। इस योजना के तहत मोबाइल टावर की स्थापना से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिलेगा और वे देश-दुनिया की जानकारी से अवगत हो सकेंगे।

ईडीएम कामरान खान ने बताया कि जल्द ही मोहंदी में भी मोबाइल टावर स्थापित किया जाएगा, जिसके बाद होरादी, गारपा, कच्चापाल, कोडलियर, कुतुल और मोहंदी में भी नेटवर्क सुविधा उपलब्ध होगी। नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास, स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, बैंकिंग सुविधा, सिंचाई पंप, खेल मैदान, एटीएम, हेलीपैड और बस सेवा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

ईरकभट्टी में मोबाइल टॉवर की स्थापना से स्थानीय लोगों में उत्साह है, क्योंकि अब वे डिजिटल दुनिया से जुड़कर अपनी आजीविका और जीवन स्तर को बेहतर बना सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *