कोण्डागांव कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में सभी अधिकारियों को कार्यालयीन समय का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी सुबह 10 बजे अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहें, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
कलेक्टर ने पंचायतीराज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से स्कूलों में न्यौता भोज आयोजित करने का आग्रह किया और इस संबंध में जनपद पंचायत के सीईओ को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका परिषद को नया बस स्टैंड की मरम्मत, स्वीपर व चौकीदार नियुक्त करने और बस संचालन के लिए एसडीएम एवं आरटीओ को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
सहकारिता क्षेत्र में कलेक्टर ने सहकारी समितियों के गठन की प्रगति की समीक्षा की और सहकारी समितियों को पेट्रोल पंप संचालन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत उन्होंने जनपद पंचायतों में मॉडल ग्राम पंचायत विकसित करने और ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना और एग्रीस्टेक परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने किसानों के पंजीयन में तेजी लाने को कहा। अमरावती लैम्पस सोसायटी प्रबंधक की लापरवाही पर उन्होंने सहकारिता विभाग को अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ श्री एन. गुरूनाथन, एडीएम श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
