कोंडागांव। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के तत्वावधान में 16 मार्च 2025 को भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत जी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद “जनरल बिपिन रावत अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंज उठा।
इस अवसर पर बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने कहा कि जनरल बिपिन रावत जी का अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। जिलाध्यक्ष सूरज यादव ने उन्हें भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि उनकी रणनीतिक दृष्टि और नेतृत्व ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिलाध्यक्ष सूरज यादव, सचिव उमेश साहू, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती और पूर्व सैनिक प्रेम सिंह देवांगन सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। सभी ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराने का आह्वान किया।
