कोंडागांव जिले में करोड़ों रुपये की लागत से खरीदी गई एंबुलेंसों के अनुपयोगी होने की खबरों के बाद कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने जिला स्तरीय जांच दल का गठन किया है, जो 10 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस तीन सदस्यीय जांच दल की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत करेंगे। जांच दल की जिम्मेदारी होगी कि वे एंबुलेंसों के खराब होने के कारणों की समीक्षा करें और यह पता लगाएं कि कहीं इसमें कोई लापरवाही या अनियमितता तो नहीं हुई है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और जांच निष्कर्षों के आधार पर त्वरित कदम उठाए जाएं।
उल्लेखनीय है कि जिले में करोड़ों रुपये की लागत से खरीदी गई एंबुलेंसों के उपयोग में नहीं आने और उनके कबाड़ में तब्दील होने की खबरें समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई थीं, जिससे यह मामला चर्चा में आया। अब जिला प्रशासन इस प्रकरण की गहन जांच कर यह सुनिश्चित करेगा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों और सरकारी संसाधनों का सही उपयोग हो।