कोंडागांव। केंद्रीय राज्य मंत्री (रेल एवं जल शक्ति) श्री व्ही. सोमन्ना ने कोंडागांव जिले का दौरा कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की और हितग्राहियों से चर्चा की। उन्होंने सबसे पहले आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बम्हनी का निरीक्षण किया और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी वितरित की और आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों से संवाद किया।
इसके पश्चात वे नारियल विकास बोर्ड, कोपाबेड़ा पहुंचे, जहां किसानों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने हेतु कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम फसल बीमा योजना, और किसान सम्मान निधि प्रमुख हैं। उन्होंने जिले में नारियल वृक्षों के विकास की सराहना की और नारियल का पौधारोपण भी किया।
श्री सोमन्ना ने शबरी एंपोरियम पहुंचकर बस्तर की कलाकृतियों का अवलोकन किया और शिल्पकारों से मुलाकात की। उन्होंने बेलमेटल शिल्पकला की सराहना की और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों से चर्चा की।
इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी, सांसद श्री महेश कश्यप, सांसद श्री भोजराज नाग, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।