समाचार
कोंडागांव जिले के केशकाल ब्लॉक अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर शनिवार दोपहर करीब 2 बजे मस्सुकोकोडा के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार टाटा हैरियर (CG 04 NK 8288) और मोटरसाइकिल (CG 27 R 9781) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। बाइक पर सवार तीन युवक कोंडागांव से केशकाल की ओर जा रहे थे, वहीं कार विपरीत दिशा से आ रही थी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक का पैर शरीर से अलग हो गया और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन 45 मिनट तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची। आखिरकार लोगों ने निजी वाहन और अन्य साधनों से घायलों को फ़रसगांव अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक इलाज के बाद तीनों युवकों को जिला अस्पताल कोंडागांव रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। फरसगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने न सिर्फ तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की समस्या को उजागर किया है, बल्कि स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि 108 एम्बुलेंस समय पर पहुंच जाती, तो शायद इन युवकों की जान बचाई जा सकती थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद एम्बुलेंस सेवा में कोई सुधार नहीं दिख रहा है, जिससे शासन-प्रशासन की जिम्मेदारियों पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।