दिनांक: 24 जुलाई 2025
अवैध प्रेम संबंध के चलते की गई हत्या के प्रकरण में सहयोगी आरोपी सेवन गोंड गिरफ्तार
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल भी बरामद
दिनांक 30.06.2025 को थाना माकड़ी क्षेत्रांतर्गत ग्राम मगेदा के जंगल में पाउरवेल, उड़ीसा जाने वाली कच्ची सड़क पर एक अज्ञात पुरुष का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना पर मर्ग क्रमांक 27/2025 धारा 194 भा.नाग.सु.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया था। शव की स्थिति एवं प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत होने पर धारा 103 भा.न्या.सं. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री वाय. अक्षय कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन और एसडीओपी कोण्डागांव श्री रूपेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित कर वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं से जांच की गई। मृतक की पहचान धरमसिंह नेताम, निवासी उमरगांव, थाना सिहावा के रूप में की गई।
मोबाइल रिकॉर्ड व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मृतक की पत्नी रवीना नागरची उर्फ रवीना नागेश और उसके प्रेमी बिदेश मरकाम को पूर्व में दिनांक 12.07.2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि हत्या की साजिश में एक अन्य सहयोगी सेवन गोंड, निवासी संबलपुर, थाना कुंदई, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) भी शामिल था, जो गिरफ्तारी के डर से फरार था। पुलिस को मुखबिर और तकनीकी सूचना के माध्यम से ज्ञात हुआ कि आरोपी अपने रिश्तेदार के पास धमतरी की ओर जा रहा है। दिनांक 24.07.2025 को आरोपी को ग्राम गम्हरी बाजार चौक के पास रोका गया और नाम-पता पूछने पर उसकी पहचान सुनिश्चित कर हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया तथा हत्या के दिन प्रयुक्त मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-05-U-9226) एवं एक बिना सिम का मोबाइल प्रस्तुत किया गया, जिसे विधिसम्मत जब्त कर लिया गया। आरोपी सेवन गोंड को आज दिनांक 24.07.2025 को दोपहर 12:55 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना माकड़ी से निरीक्षक विकास बघेल, सउनि गिरीश कतलम, प्र.आर. मोनाराम मण्डावी, दशरथ मरकाम, राकेश जुरी, आरक्षक धन्नूसिंह पटेल, राजू पानीग्राही तथा सायबर सेल से निरीक्षक सौरम उपाध्याय, प्र.आर. अजय बघेल, लुमन भण्डारी, आरक्षक चंदन यादव, संतोष कोडोपी, कृष्णा नेताम एवं गोपनीय सैनिक जितेन्द्र का विशेष योगदान रहै
गिरफ्तार आरोपी सेवन गोंड, पिता दशरू गोंड
उम्र: 23 वर्ष
जाति: मरकाम
निवासी: संबलपुर, थाना कुंदई, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा)