समाचार
दिनांक 20/07/2025
मर्दापाल तहसील अंतर्गत खुदुर उप स्वास्थ्य केन्द्र की बदहाल स्थिति से क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है। अस्पताल में अक्सर ताला लटका रहता है, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ता है। यह क्षेत्र का एकमात्र अस्पताल है, लेकिन सेवाएं नाम मात्र की हैं।
अस्पताल में तैनात तीन में से दो स्वास्थ्यकर्मी अक्सर “फील्ड में होने” की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं, वहीं तीसरे कर्मचारी ने फोन पर स्वास्थ्य खराब होने का हवाला दिया। इससे साफ है कि उप स्वास्थ्य केन्द्र केवल कागजों में ही संचालित हो रहा है।
इसी तरह ग्राम पंचायत सचिव भी हमेशा नदारद रहते हैं, कई विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। सरपंच ने बताया कि ये कार्य उनके कार्यकाल से पहले के हैं और अस्पताल की स्थिति को लेकर वे सीएमओ से शिकायत करेंगे।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से जल्द सुधार की मांग की है, ताकि आम लोगों को समय पर इलाज की सुविधा मिल सके और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में जनता तक पहुंचे।