समाचार
कोंडागांव। शहर को सुंदर, व्यवस्थित और पर्यटन के साथ-साथ व्यापार के क्षेत्र में अग्रसर बनाने हेतु कोंडागांव विधायक एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने फॉरेस्ट विश्राम गृह में नगर के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में उन्होंने नहरपारा तालाब और बंधा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की और इन्हें अत्यंत आकर्षक बनाने हेतु गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही शहर के सभी वार्डों की प्रमुख समस्याएं जैसे सड़क, नाली, पानी की निकासी और स्वच्छता पर भी चर्चा की गई।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, दिपेश अरोड़ा, जितेंद्र सुराना, कुलवंत चहल सहित नगरपालिका के CMO, SDO, इंजीनियर एवं टाउन प्लानर उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने के लिए सुझाव साझा किए।
विधायक लता उसेंडी ने स्पष्ट कहा कि कोंडागांव के समग्र विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और यह शहर शीघ्र ही पर्यटन एवं व्यापार के लिए एक आदर्श केंद्र बनेगा।