संवाद दाता – विश्व प्रकाश शर्मा
रायगढ़ लारा ने वित्त वर्ष 2024-25 में 90.24% प्लांट लोड फैक्टर (PLF) के साथ 12,648.02 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन कर अब तक का सर्वोच्च रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह उपलब्धि एक नए बिजली संयंत्र के लिए उल्लेखनीय मानी जा रही है।
संयंत्र की 800 मेगावाट इकाई-II बिना बॉयलर ट्यूब लीकेज (BTL) के 442 दिनों और लगातार 350 दिनों से अधिक समय तक चालू रही, जो 660 और 800 मेगावाट इकाइयों के लिए सर्वोत्तम प्रदर्शन है। इसके अलावा, लारा देश का एकमात्र स्टेशन बना जिसने शून्य उपकरण आंशिक नुकसान (ZPL) प्राप्त किया। यह सफलता निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और देश की विकास गति को बनाए रखने की एनटीपीसी लारा की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस उपलब्धि पर कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार ने कर्मचारियों की कड़ी मेहनत की सराहना की और ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्टता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
बिजली उत्पादन के अलावा, एनटीपीसी लारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत रायगढ़ और छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं के विकास में भी योगदान दे रहा है। इसके सीएसआर प्रयासों से क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को बल मिला है।
