कोण्डागांव त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन-2025 के तहत जिले में दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। फरसगांव एवं माकड़ी में हुए मतदान में कुल 82.82 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चरण में कुल 1,20,920 मतदाताओं ने भाग लिया, जिसमें 58,446 पुरुष और 62,473 महिलाएँ शामिल रहीं।
स्थानीय निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत फरसगांव में 80.46 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 69,851 मतदाताओं में से 56,200 लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया, जिनमें 27,035 पुरुष और 29,165 महिलाएँ शामिल रहीं। वहीं, जनपद पंचायत माकड़ी में मतदान प्रतिशत 84.98 दर्ज किया गया। यहां कुल 76,165 मतदाताओं में से 64,720 ने मतदान किया, जिसमें 31,411 पुरुष और 33,308 महिलाएँ शामिल थीं।
जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मतदान केंद्रों में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे लोकतंत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट हुई।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन का तीसरा चरण 23 फरवरी को होगा, जिसमें जनपद पंचायत केशकाल एवं बड़ेराजपुर में मतदान संपन्न होगा। प्रशासन ने सफल निर्वाचन प्रक्रिया के लिए आवश्यक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।
