कलेक्टर ने जनदर्शन आवेदनों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश*

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कोण्डागांव। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित कर विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने समय-सीमा में लंबित और जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए, जिससे आम जनता को त्वरित समाधान मिल सके।

बैठक में कलेक्टर ने एग्रीस्टेक परियोजना के तहत किसानों के पंजीयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र किसानों का जल्द से जल्द पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से कृषकों को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलेगा। इसके अलावा नियद नेल्लानार योजना के तहत पोर्टल में एंट्री कार्य की प्रगति पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सहकार से समृद्धि योजना की भी समीक्षा की गई, जिसमें कलेक्टर ने सहकारी समितियों के गठन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किया जा सके। उन्होंने जिले में नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी आदेश दिया। इसके तहत सभी विकासखंडों में नियमित रूप से गतिविधियां संचालित करने के लिए समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया।

बैठक में विभागवार लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई, जहां कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर जनदर्शन के लंबित आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएफओ श्री गुरूनाथन एन., श्री आर.के. जांगड़े, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एडीएम श्री डी. आर. ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *