नारायणपुर। त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के प्रथम चरण के तहत 17 फरवरी को नारायणपुर विकासखंड में मतदान होना है। इसके लिए आज 103 मतदान दलों को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिष्ठा ममगाईं ने हरी झंडी दिखाकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया। उन्होंने मतदान कर्मियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और स्वतंत्र चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मतदान दलों को गुलदस्ता भेंटकर शुभकामनाएं दीं और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मतदान कर्मी निर्धारित केंद्रों पर रात्रि विश्राम करें और बाहरी व्यक्तियों का आतिथ्य न स्वीकारें। साथ ही, सभी सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट को मतदान केंद्रों की रैंडम चेकिंग करने के आदेश दिए गए। अनुपस्थित मतदान कर्मियों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। सभी पीठासीन अधिकारियों को मतदान शुरू होने और प्रत्येक दो घंटे में मतदान प्रतिशत की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। नारायणपुर ब्लॉक के 103 मतदान केंद्रों में कुल 60,094 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 31,716 महिलाएं, 28,376 पुरुष और 2 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 26 मतदान केंद्र संवेदनशील और 77 अति संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर एक पीठासीन अधिकारी और चार मतदान अधिकारी तैनात रहेंगे।
