*बोर्ड परीक्षाओं की पूर्व तैयारी को लेकर कलेक्टर के निर्देश पर समीक्षा बैठक आयोजित*

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कोंडागांव। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान की अध्यक्षता में स्वामी आत्मानंद विद्यालय, फरसगांव में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वार्षिक बोर्ड परीक्षा 2023-24 के परिणामों की समीक्षा की गई और प्री-बोर्ड परीक्षा 2024-25 के नतीजों का विश्लेषण कर आगामी परीक्षा की रणनीति तय की गई।

बैठक में जिले के सभी प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों को दसवीं, बारहवीं, पांचवीं और आठवीं बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने परीक्षा की तैयारियों को प्रभावी बनाने और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति अपनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर परीक्षा प्रभारी अशोक कुमार साहू, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी हंसराज सिन्हा, खंड स्त्रोत समन्वयक अशोक मरकाम सहित विकासखंड फरसगांव के समस्त प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान परीक्षा की सुचारू रूप से तैयारी सुनिश्चित करने और छात्रों के प्रदर्शन में सुधार लाने पर व्यापक चर्चा की गई।

जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों एवं प्राचार्यों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करें, जिससे जिले का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहे और छात्र अपने भविष्य में सफलता हासिल कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *